ग्राफिक डिजाइनर बनने का मार्गदर्शन: 12वीं के बाद के विकल्प
ग्राफिक डिजाइनिंग का परिचय
क्या आप ग्राफिक डिजाइनर बनने का सपना देख रहे हैं? यदि हाँ, तो यह लेख आपके लिए है। आज के डिजिटल युग में, ग्राफिक डिजाइनिंग एक अत्यधिक मांग वाला और रचनात्मक करियर विकल्प बन गया है। सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के कारण, ग्राफिक डिजाइनरों की आवश्यकता तेजी से बढ़ रही है। यदि आपको रंगों के साथ खेलना, नई चीजें बनाना या कंप्यूटर पर रचनात्मक डिज़ाइन तैयार करना पसंद है, तो आप 12वीं के बाद इस क्षेत्र में करियर बना सकते हैं। ग्राफिक डिजाइनर का कार्य दृश्य सामग्री के माध्यम से संदेश या विचारों को लोगों तक पहुँचाना होता है। चाहे वह सोशल मीडिया पोस्ट हो, विज्ञापन के लिए पोस्टर हो या मोबाइल ऐप का लेआउट, हर जगह ग्राफिक डिजाइनरों की आवश्यकता होती है। आइए जानते हैं कि 12वीं के बाद ग्राफिक डिजाइनर कैसे बन सकते हैं।
ग्राफिक डिजाइनिंग क्या है?
ग्राफिक डिजाइनिंग एक कला है जिसमें चित्रों, अक्षरों (टाइपोग्राफी) और रंगों के सही संयोजन से आकर्षक और प्रभावी डिज़ाइन बनाए जाते हैं। इसमें डिजाइनर विभिन्न डिजिटल टूल्स जैसे फोटोशॉप, इलस्ट्रेटर और कैनवा का उपयोग करके लोगो, मैगजीन कवर, पोस्टर, वेबसाइट लेआउट और अन्य रचनात्मक डिज़ाइन तैयार करते हैं। इसका मुख्य उद्देश्य किसी संदेश को सुंदर और प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत करना है।
12वीं के बाद कौन से कोर्स करें?
बैचलर डिग्री (3-4 साल)- आप B.Des (Bachelor of Design) या BFA (Bachelor of Fine Arts) कर सकते हैं। यह उन लोगों के लिए सबसे अच्छा है जो इस क्षेत्र को गहराई से समझना चाहते हैं।
डिप्लोमा कोर्स (6 महीने से 1 साल)- यदि आप जल्दी नौकरी पाना चाहती हैं, तो किसी भी पेशेवर संस्थान से ग्राफिक डिजाइन में डिप्लोमा कर सकती हैं।
सर्टिफिकेट कोर्स (3-6 महीने)- इसमें विशेष सॉफ्टवेयर जैसे कोरल ड्रॉ या फोटोशॉप सिखाया जाता है।
ग्राफिक डिजाइनर बनने के लिए प्रवेश परीक्षा
- UCEED/CEED – यह एक राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षा है, जिसके माध्यम से देश के प्रतिष्ठित डिजाइनिंग संस्थानों में दाखिला मिलता है।
- NID DAT – नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन (NID) में प्रवेश पाने के लिए उम्मीदवारों को यह एंट्रेंस एग्जाम देना होता है।
- NIFT – फैशन डिजाइनिंग के क्षेत्र में करियर बनाना चाहते हैं तो NIFT की परीक्षा एक बेहतरीन विकल्प मानी जाती है।
- प्राइवेट कॉलेज – इसके अलावा कई निजी संस्थान 12वीं के अंकों या अपने द्वारा आयोजित छोटे एप्टीट्यूड टेस्ट के आधार पर भी छात्रों को प्रवेश प्रदान करते हैं।
ग्राफिक डिजाइनर कैसे बनें?
- इसके लिए सबसे जरूरी है कि आप डिजाइनिंग के मुख्य टूल्स जैसे Adobe Photoshop, Illustrator, और InDesign पर अच्छी पकड़ बनाएं।
- यह इस क्षेत्र का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा है। आपने जो भी अच्छे डिज़ाइन बनाए हैं, उनका एक पोर्टफोलियो तैयार करें। कंपनियां आपकी डिग्री से पहले आपका काम देखती हैं।
- कोर्स के दौरान या बाद में किसी एजेंसी में इंटर्नशिप करें। इससे आपको पता चलेगा कि पेशेवर दुनिया में काम कैसे होता है।
- अब आप आगे चलकर यह तय कर सकते हैं कि आपको लोगो मेकिंग में माहिर बनना है, वेब डिजाइनिंग में या एनीमेशन में।
ग्राफिक डिजाइनर बनने पर सैलरी
ग्राफिक डिजाइनर के रूप में आप विज्ञापन एजेंसियों, आईटी कंपनियों, समाचार पत्रों और फिल्म उद्योग जैसे कई क्षेत्रों में काम करने के अवसर पा सकते हैं। इसके साथ ही, आप फ्रीलांसिंग के जरिए भी अपने प्रोजेक्ट्स पर काम कर सकते हैं। शुरुआत में एक फ्रेशर की सैलरी आमतौर पर 25,000 से 40,000 रुपये प्रति माह तक हो सकती है, जो अनुभव और कौशल बढ़ने के साथ काफी बढ़ जाती है।
