JEE Main 2027: परीक्षा की तैयारी में ध्यान रखने योग्य 5 महत्वपूर्ण बातें
JEE Main 2027 की परीक्षा की तैयारी
JEE Main 2027 के जनवरी सेशन की परीक्षा में अब केवल दो महीने से भी कम समय बचा है। बड़ी संख्या में छात्र इस इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा की तैयारी में जुटे हुए हैं। कई उम्मीदवार बोर्ड परीक्षाओं के साथ-साथ जेईई मेन की पढ़ाई भी कर रहे हैं। परीक्षा के नजदीक आने के साथ छात्रों पर पढ़ाई और प्रदर्शन का दबाव बढ़ता जा रहा है।
हालांकि, अंतिम समय में कुछ गलतियाँ हो जाती हैं, जो परीक्षा के परिणाम को प्रभावित कर सकती हैं। शिक्षा विशेषज्ञ देव शर्मा ने छात्रों को ऐसी पांच महत्वपूर्ण बातों का ध्यान रखने की सलाह दी है, ताकि वे अपना समय सही तरीके से उपयोग कर सकें और परीक्षा के दिन बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
1. सोशल मीडिया पर अफवाहों से बचें
परीक्षा के नजदीक आने पर दिसंबर और जनवरी में सोशल मीडिया पर जेईई मेन से संबंधित कई चर्चाएँ और अफवाहें फैल सकती हैं। इनमें पेपर की कठिनाई, संभावित कटऑफ, पेपर लीक और परीक्षा की तारीख में बदलाव जैसी बातें शामिल होती हैं।
देव शर्मा के अनुसार, छात्रों को ऐसी खबरों में उलझकर अपनी तैयारी से ध्यान नहीं भटकाना चाहिए। इसलिए परीक्षा के अंतिम समय में सोशल मीडिया का उपयोग सीमित करना बेहतर होगा। छात्रों को केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करना चाहिए और अपनी पढ़ाई और रिवीजन पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।
2. कम नंबर आने के डर से मॉक टेस्ट न छोड़ें
कई छात्र परीक्षा के नजदीक आने पर प्रैक्टिस और मॉक टेस्ट देने से बचने लगते हैं, क्योंकि उन्हें कम अंक आने का डर होता है। लेकिन विशेषज्ञों के अनुसार, ऐसा करना तैयारी के लिए हानिकारक हो सकता है।
मॉक टेस्ट का उद्देश्य केवल अंक देखना नहीं है, बल्कि अपनी कमजोरियों को पहचानना भी है। अगर किसी टेस्ट में कम अंक आते हैं, तो निराश होने के बजाय यह समझने की कोशिश करें कि गलतियाँ कहाँ हो रही हैं।
3. हर विषय में अलग कटऑफ की गलतफहमी न रखें
जेईई मेन और जेईई एडवांस्ड के नियमों को लेकर कई छात्रों में भ्रम होता है। देव शर्मा के अनुसार, जेई मेन में प्रत्येक विषय के लिए अलग से न्यूनतम अंक लाने की आवश्यकता नहीं होती। इसमें कुल स्कोर महत्वपूर्ण होता है।
इसलिए, अगर किसी छात्र की फिजिक्स, केमिस्ट्री या मैथ्स में से कोई एक विषय कमजोर है, तो उसे घबराने की आवश्यकता नहीं है। वह अपनी मजबूत विषयों पर ध्यान देकर कुल स्कोर को बेहतर बना सकता है।
4. कम स्कोरिंग टॉपिक्स में ज्यादा समय न लगाएं
परीक्षा के अंतिम दिनों में हर टॉपिक को शुरुआत से पढ़ना व्यावहारिक नहीं होता। छात्रों को अपनी तैयारी का आकलन करके यह तय करना चाहिए कि किन अध्यायों पर ज्यादा ध्यान देने की आवश्यकता है।
देव शर्मा की सलाह है कि छात्र महत्वपूर्ण और स्कोरिंग टॉपिक्स की पहचान करें और उन पर ध्यान केंद्रित करें।
5. नींद का रूटीन सुधारें
कई छात्रों की आदत होती है देर रात तक पढ़ने और सुबह देर से उठने की। लेकिन परीक्षा के दिन यह दिनचर्या परेशानी पैदा कर सकती है।
इसलिए, छात्रों को अपनी नींद और जागने का समय व्यवस्थित करना चाहिए। पर्याप्त नींद लेने से पढ़ाई के दौरान एकाग्रता बनाए रखने में मदद मिलती है।
परीक्षा के दबाव में आत्मविश्वास न खोएं
एक्सपर्ट देव शर्मा ने छात्रों को सलाह दी है कि वे परीक्षा के परिणाम को लेकर जरूरत से ज्यादा तनाव न लें। कम अंक आने या असफल होने का डर उनकी तैयारी पर नकारात्मक असर डाल सकता है।
यह समझना जरूरी है कि जेईई मेन एक महत्वपूर्ण परीक्षा है, लेकिन यह जीवन का अंतिम मौका नहीं है।
