Logo Naukrinama

शिक्षाकर्मी भर्ती फर्जीवाड़ा के आरोपितों को पुलिस नहीं कर रही गिरफ्तार

 
धमतरी : शिक्षाकर्मी भर्ती फर्जीवाड़ा के आरोपितों को पुलिस नहीं कर रही गिरफ्तार : कृष्ण कुमार साहू
धमतरी, 3 अक्टूबर । शिक्षाकर्मी भर्ती फर्जीवाड़ा 2007 मगरलोड के आरोपितों को पकड़ने पुलिस हिम्मत नहीं जुटा पा रही है, क्योंकि कई आरोपित राजनीतिक पार्टी से जुड़े हुए है। वहीं पुलिस पर राजनीतिक दबाव है। आरोपितों में पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष, पूर्व उपाध्यक्ष व पूर्व सभापति समेत अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए है। फिलहाल पुलिस इस मामले में जुलाई माह में मुख्य आरोपित पूर्व जनपद पंचायत सीईओ कमलाकांत तिवारी को ही गिरफ्तार कर पाई है, जो इन दिनों सलाखों के पीछे है, जबकि अन्य आरोपित बेखौफ घूम रहे हैं।



मगरलोड पुलिस शिक्षाकर्मी भर्तीवाड़ा 2007 के आरोपितों को शीघ्र गिरफ्तार करने की बात कहीं थी, लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। इस मामले में आरोपित पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष मगरलोड श्याम साहू, उपाध्यक्ष कोमल यदु, पूर्व सभापति नीलकंठ सिन्हा, शत्रुघन साहू, नारायण ध्रुव समेत 25 से अधिक शिक्षक समेत छानबिन समिति के अधिकारी-कर्मचारी शामिल है, जो बेखौफ घूम रहे हैं। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित पूर्व जनपद पंचायत सीईओ कमलाकांत तिवारी को जुलाई माह में गिरफ्तार किया है, जो वर्तमान में सलाखों के पीछे है। इसे गिरफ्तार करने के बाद मगरलोड पुलिस ने कहा था कि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी शीघ्र होगी। पुलिस इन आरोपितों को गिरफ्तार क्यों नहीं कर रही है, यह समझ के परे है, जबकि सभी आरोपित उसी थाना क्षेत्र में घूम रहे हैं। आरोपितों को गिरफ्तार करने पुलिस पर किसी राजनीतिक दबाव है या पुलिस चाहकर गिरफ्तार नहीं कर रही है। जबकि अन्य मामलों में आरोपितों को गिरफ्तार करने समय नहीं लगता।

इस मामले में प्रार्थी आरटीआई कार्यकर्ता कृष्ण कुमार साहू का कहना है कि कानून सभी के लिए एक है। पुलिस को शीघ्र आरोपितों की गिरफ्तारी करना चाहिए। समय रहते पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं करती है, तो कानून से लोगों का विश्वास उठने लगता है और पुलिस की कार्यशैली पर संदेह होने लगता है। वैसे भी इस मामले में सालों बाद एक आरोपित गिरफ्तार हुआ है। इस संबंध में एएसपी मेघा टेंभूरकर का कहना है कि इस मामले में जांच कर शीघ्र आरोपितों की गिरफ्तारी की जाएगी।