Logo Naukrinama

Bhopal: 27 अक्टूबर से 6 नवंबर तक अग्निवीर सेना भर्ती रैली, इन जिलों के युवाओं को मिलेगा मौका

 
Bhopal: 27 अक्टूबर से 6 नवंबर तक अग्निवीर सेना भर्ती रैली, इन जिलों के युवाओं को मिलेगा मौका
भोपाल, 20 अक्टूबर (हि.स.)। सेना भर्ती कार्यालय द्वारा भोपाल में 27 अक्टूबर से 7 नवंबर तक मोतीलाल नेहरू स्टेडियम लाल परेड ग्राउंड पर अग्निवीर भर्ती की जा रही है। इसमें भोपाल समेत नौ जिलों के प्रत्याशियों को अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर तकनीकी, अग्निवीर क्लर्क, अग्निवीर स्टोरकीपर तथा अग्निवीर ट्रेडमैन पदों पर भर्ती की जाएगी।

भोपाल कलेक्टर अविनाश लवानिया ने बुधवार को अग्निवीर भर्ती रैली की तैयारियों की समीक्षा की। इस अवसर पर सेना के ब्रिगेडियर रेगनी जॉर्ज और कर्नल एस बकुड़ी भी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि दीपावली का महापर्व होने के कारण अग्निवीर भर्ती के लिए मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में सभी तैयारियां 22 अक्टूबर तक पूर्ण कर ली जाए, इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं हो। उन्होंने कहा कि ग्राउंड की साफ-सफाई के लिए नगर निगम और अन्य विभागों के अधिकारी भी कार्रवाई करें। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि लाइट बैकअप के लिए जेनरेटर लगाया जाए। भर्ती में आने वाले युवाओं को वापसी के लिए नगर निगम और आरटीओ द्वारा बसों की व्यवस्था की जाए।

कलेक्टर लवानिया ने बताया कि भर्ती के लिए आने वाले युवाओं की सुविधा के लिए बस स्टैंड और स्टेशन पर हेल्प सेंटर बनाए जा रहे हैं। यहां पर 24 घंटे अधिकारी उपस्थित रहेंगे।

कलेक्टर ने बताया कि भोपाल में 27 अक्टूबर से सेना की भर्ती शुरू होगी जो 7 नवम्बर तक चलेगी। भर्ती में भोपाल, बैतूल, छिंदवाड़ा, होशंगाबाद, हरदा, राजगढ़, रायसेन, सीहोर और विदिशा के प्रत्याशी भाग ले सकते हैं। इसके अतिरिक्त किसी अन्य जिले के युवा को इस भर्ती में मौका नहीं मिलेगा।

सेना भर्ती के डायरेक्टर कर्नल बाकुड़ी ने बताया कि जिन प्रत्याशियों को एडमिट कार्ड मिल चुके हैं, उन्हीं को ही भर्ती के लिए प्रवेश दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त कोई अन्य व्यक्ति को भर्ती ग्राउंड में प्रवेश नही दिया जाएगा। यदि किसी ने ऑनलाइन फार्म जमा किया था और उसे एडमिट कार्ड नहीं मिला है तो उनको भी भर्ती प्रक्रिया में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।





भर्ती की तैयारियों के संबंध में डायरेक्टर बाकुंडी ने बताया कि अग्निवीर भर्ती सेना के लिए 26 अक्टूबर की रात अर्थात 27 की प्रात: 4:00 बजे से भर्ती प्रक्रिया चालू कर दी जाएगी। इसमें सबसे पहले आए हुए प्रत्याशियों और प्रतिभागियों की नाप होगी, उसके बाद दौड़ का आयोजन होगा। दौड़ में सफल होने के बाद प्रत्याशियों के अन्य डॉक्यूमेंट को चेक किया जाएगा। इनका फिजिकल वेरिफिकेशन किया जाएगा उसके बाद डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन होगा इन सब को पास करने के बाद संबंधित सफल कैंडिडेट को लिखित परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड दिया जाएगा। फिजिकल में सफल प्रत्याशियों की लिखित परीक्षा जनवरी में आयोजित होगी।



27 अक्टूबर की प्रात: 4 बजे से भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी। पहले दिन 3 हजार युवाओं को बुलाया गया है। उसके बाद प्रत्येक दिन 5 हजार प्रत्याशी को बुलाया जाएगा। सभी प्रत्याशियों का आधार, लाइसेंस, मूल निवासी प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र आदि का वेरिफिकेशन किया जाएगा। भर्ती रैली ग्राउंड में किसी को भी मोबाइल ले जाने की अनुमति नहीं होंगी। पुलिस बल के तैनात जवान भी मोबाइल नहीं ले जा सकेंगे। उनको भी मोबाइल जमा करना होगा।



कलेक्टर लवानिया ने बताया कि भर्ती ग्राउंड पर खाने और नाश्ते के भी स्टाल लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त चलित शौचालय और पीने के पानी की भी व्यवस्था रहेंगी। आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल व्यवस्था और एम्बुलेंस रखने के लिए भी स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं।