Logo Naukrinama

Agniveer Rally: जम्मू के सुंजवां में निकाली गई अग्निवीर भर्ती रैली, संभाग के दस जिलों से उम्मीदवार लेंगे भाग

 
Agniveer Rally: जम्मू के सुंजवां में निकाली गई अग्निवीर भर्ती रैली, संभाग के दस जिलों से उम्मीदवार लेंगे भाग
जम्मू, 7 अक्टूबर । जम्मू शहर के सुंजवां आर्मी स्टेशन पर पहली बार अग्निवीरों की भर्ती रैली हो रही है। शुक्रवार को पहले दिन सांबा जिले के युवाओं ने अपना दम दिखाया। यह भर्ती रैली 22 अक्तूबर तक चलेगी। इसमें जम्मू संभाग के दस जिलों के उम्मीदवार भाग ले रहे हैं।

शुक्रवार को भर्ती में स्थल के बाहर बड़ी संख्या में युवा उम्मीदवारों की भारी भीड़ लगी रही। कड़ी सुरक्षा में हुई भर्ती रैली को सफल बनाने के लिए स्थानीय प्रशासन का भी सहयोग लिया गया। सुंजवां आर्मी स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार पर पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है। भाग लेने आए युवकों का कहना कि देश सेवा करने के लिए वह सेना में जाना चाहते हैं।

दरअसल, जम्मू में पहली बार अग्निपथ योजना के तहत सेना में अग्निवीर की भर्ती होने जा रही है। जम्मू संभाग के जम्मू, सांबा, कठुआ, उधमपुर, पुंछ, राजोरी, रियासी, डोडा, किश्तवाड़ और रामबन जिले के उम्मीदवार भर्ती रैली में भाग लेंगे।

उल्लेखनीय है कि केन्द्र सरकार ने भारतीय सेना में भर्ती प्रक्रिया को बदलाव कर अग्निवीर योजना लागू की है। इस नई योजना के अनुसार युवाओं को चार साल की अवधि के लिए सशस्त्र सेनाओं में कमीशन पर भर्ती किया जाएगा। अग्निवीर स्कीम के नियमों के मुताबिक सेना में जितने जवानों की भर्ती होगी, उनमें से 75 प्रतिशत जवान चार साल की नौकरी के बाद रिटायर हो जाएंगे। 25 प्रतिशत जवानों को आगे के लिए स्थायी कमीशन दिया जाएगा। चार वर्ष पूरे करने के बाद सेना से बाहर निकलने वाले अभ्यर्थी अन्य सामान्य नौकरियां कर सकेंगे।