×

Maharashtra: अगले दो साल में 20 हजार पुलिसकर्मियों की होगी भर्ती- देवेंद्र फडणवीस

गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि आगामी दो वर्षों में 20 हजार पुलिस वालों की भर्ती की जाएगी। साथ ही जेल विभाग में भारी बदलाव किया जाएगा।
 

मुंबई, 27 सितंबर । गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि आगामी दो वर्षों में 20 हजार पुलिस वालों की भर्ती की जाएगी। साथ ही जेल विभाग में भारी बदलाव किया जाएगा।

देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की बैठक बुलाई थी। इस बैठक के बाद उन्होंने पत्रकारों को बताया कि मुख्यमंत्री से चर्चा के बाद हमने 20 हजार पुलिस कर्मियों की भर्ती करने का फैसला लिया है और जल्द ही दो साल की भर्ती प्रक्रिया शुरू करेंगे। 8,000 पुलिसकर्मियों की भर्ती के लिए एक विज्ञापन पहले ही जारी किया जा चुका है और 12,000 अन्य पुलिसकर्मियों की भर्ती घोषणा बाद में की जाएगी।



देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि जेल विभाग में सुधार की जरूरत है। वर्तमान में हमारी जेलों में 1,641 कैदी हैं जिन्हें जमानत मिल चुकी है, लेकिन पैसे की कमी और जमानत प्रक्रिया पूरी न कर पाने के कारण जेल में बंद हैं। ऐसे लोगों को क्या कानूनी मदद दी जा सकती है? उन्हें कैसे बाहर निकाला जाए? फडणवीस ने यह भी कहा कि वे इसके लिए एनजीओ की मदद लेने के बारे में सोच रहे हैं।

इसके साथ ही आज बैठक में साइबर सुरक्षा की समीक्षा की है और साइबर सुरक्षा और मजबूत बनाने का इरादा है। गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस ने यह भी कहा कि जालसाजी के कारण लोगों को तरह-तरह के फ्रॉड का सामना करना पड़ता है, इसलिए हम साइबर सुरक्षा के लिए एक बड़ा अभियान चलाने जा रहे हैं।